UP Circle Rate कैसे चेक करें? जमीन का सरकारी रेट ऑनलाइन कैसे देखें?

उत्तर प्रदेश (UP) में अक्सर रजिस्ट्री के समय लोगों को अपने गांव या आसपास के इलाके का सही Circle Rate पता नहीं होता, जिसकी वजह से कभी ज्यादा पैसा लग जाता है, या फिर दूसरों पर भरोसा करना पड़ता है। अगर आपको अपने गांव या आसपास के क्षेत्र का सरकारी रेट पता हो, तो आप आसानी से समझ सकते हैं कि जमीन की असली कीमत क्या है और रजिस्ट्री में कितना खर्च आएगा।

अब यह जानकारी ऑनलाइन देखी जा सकती है, जिससे रजिस्ट्री से पहले सरकारी रेट की पुष्टि करना आसान हो जाता है। आप घर बैठे मोबाइल से ही अपने गांव, जिला और तहसील का Circle Rate आसानी से चेक कर सकते हैं और सही फैसला ले सकते हैं।

इस गाइड में हम आपको step-by-step आसान तरीका बताएंगे, जिससे आप 1 मिनट में अपना UP Circle Rate देख सकते हैं।

UP Circle Rate क्या होता है?

Circle Rate का मतलब है वह सबसे कम तय की गई कीमत, जो सरकार ने किसी खास इलाके की जमीन के लिए तय की है। इसे ‘कलेक्टर रेट’ या ‘सरकारी रेट’ भी कहा जाता है।

उदाहरण के लिए मान लीजिए आपने अपने गांव में एक खेत खरीदा जिसकी कीमत आपने मालिक को 5 लाख रुपये दी। लेकिन सरकार के हिसाब से उस इलाके का रेट 6 लाख रुपये है, तो आपको रजिस्ट्री 6 लाख रुपये के आधार पर ही करानी होगी। यानी, चाहे आपने जमीन कितने भी रुपये में खरीदी हो, लेकिन सरकारी टैक्स (Stamp Duty) हमेशा Circle Rate के हिसाब से ही देना पड़ता है।

UP Circle Rate ऑनलाइन कैसे देखें?

उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग (IGRSUP) ने एक पोर्टल बनाया है जहाँ हर जिले की तहसीलवार लिस्ट मौजूद है। नीचे दिए गए स्टेप्स को अपनाकर जमीन का सरकारी रेट ऑनलाइन देख सकते हैं।

सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउज़र में उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग की वेबसाइट igrsup.gov.in को खोलें। यह उत्तर प्रदेश सरकार की सरकारी वेबसाइट है।

वेबसाइट के होमपेज पर आपको मूल्यांकन सूची विवरण का सेक्शन दिखेगा उसमें आप अपने जनपद और उप निबंधक कार्यालय (तहसील या रजिस्ट्री ऑफिस) का नाम चुनकर दिए गए कैप्चा को सही से देखकर भरे और मूल्यांकन सूची देखे वाले ऑप्शन पर क्लिक करें।

IGRS UP वेबसाइट पर जनपद और तहसील चुनकर Circle Rate देखने का फॉर्म

अब आपके सामने एक सूची दिखाई देगी, जिसमें तारीख और प्रति देखें का ऑप्शन होता है। अगर आप वर्तमान (Latest) Circle Rate देखना चाहते हैं, तो सबसे पहले नंबर पर दिख रहे ‘प्रति देखें’ (PDF देखने का ऑप्शन) पर क्लिक करें।

UP Circle Rate लिस्ट में तारीख और प्रति देखें ऑप्शन का स्क्रीन

इससे आपके तहसील की पूरी Circle Rate सूची PDF के रूप में खुल जाएगी। जिसमें जमीन का सरकारी रेट विस्तार से दिया होता है।

तहसील की Circle Rate PDF लिस्ट मोबाइल स्क्रीन पर खुली हुई

अब अगर आप पुराने सालों के Circle Rate देखना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए “पूर्व की मूल्यांकन सूची देखें” वाले विकल्प पर क्लिक करें।

पूर्व की मूल्यांकन सूची देखें ऑप्शन से पुराने Circle Rate देखने का तरीका

इस पर क्लिक करने के बाद अलग-अलग वर्षों की सूची दिखाई देगी, आप जिस साल का सरकारी रेट देखना चाहते हैं उस साल के सामने दिख रहे प्रति देखे वाले ऑप्शन पर क्लिक करें।

वर्ष अनुसार Circle Rate लिस्ट चुनने का विकल्प IGRS UP वेबसाइट पर

आपके सामने चुने गए वर्ष की Circle Rate सूची PDF के रूप में खुल जाएगी।

पुराने साल की Circle Rate PDF मोबाइल में खुली हुई लिस्ट

UP Circle Rate जानना क्यों जरूरी है?

  1. कई बार प्रॉपर्टी डीलर या बिचौलिये आपसे ज्यादा स्टाम्प ड्यूटी मांग लेते हैं। अगर आपको जमीन का असली रेट पता होगा, तो कोई आपको ठग नहीं पाएगा।
  2. अगर आपको सरकारी रेट पता होगा तो जमीन खरीदने से पहले आप खुद हिसाब लगा सकते हैं कि जमीन की रजिस्ट्री में कुल कितना खर्चा आएगा।
  3. जब आप जमीन पर लोन लेते हैं, तो बैंक भी उसी जमीन का सरकारी रेट देखकर लोन की राशि तय करता है।
  4. अगर आपको पता है कि आपकी जमीन हाईवे पर है या अंदर गांव में, तो आप उसका सही रेट जानकर अपनी जमीन की सही वैल्यू लगा सकते हैं।

Circle Rate PDF डाउनलोड कैसे करें?

जब आप “प्रति देखें” पर क्लिक करते हैं, तो आपके सामने Circle Rate की पूरी सूची PDF के रूप में खुल जाएगी।
इसे डाउनलोड करने के लिए:

  • ऊपर दिए गए Download बटन पर क्लिक करें
  • मोबाइल या ब्राउज़र के Download विकल्प से PDF सेव करें।

👉 इसी तरह आप अपनी जमीन का नक्शा भी ऑनलाइन देख सकते हैं, जानें पूरा तरीका UP Bhunaksha कैसे देखें

Circle Rate की लिस्ट में जमीन का रेट कैसे पहचानें?

Circle Rate की PDF खोलने पर शुरुआत में यह थोड़ा मुश्किल लग सकता है, लेकिन सही तरीके से देखें तो इसे समझना आसान है।

  1. सबसे पहले आपको लिस्ट में अपने गांव या मोहल्ले का नाम ढूंढना होता है। PDF में कई गांवों या क्षेत्रों की जानकारी एक साथ दी होती है, इसलिए ध्यान से अपना सही नाम खोजें। जैसे ही आपको अपना गांव मिल जाता है, उसके सामने दी गई जानकारी ही आपके लिए महत्वपूर्ण होती है।
  2. इसके बाद आपको सड़क की स्थिति (Road Condition) पर ध्यान देना चाहिए। लिस्ट में यह बताया जाता है कि जमीन मुख्य सड़क पर है, लिंक रोड पर है या गांव के अंदर पड़ी है।
  3. फिर आता है सबसे महत्वपूर्ण भाग, यानी जमीन का प्रकार (Land Type)। PDF में अलग-अलग काम के हिसाब से रेट दिए होते हैं। इसमें खेती वाली जमीन के लिए अलग रेट होता है, जिसे कृषि भूमि कहा जाता है। घर बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली जमीन को आवासीय भूमि कहा जाता है और उसका रेट थोड़ा ज्यादा होता है। वहीं, दुकान या व्यापार के लिए इस्तेमाल होने वाली जमीन को व्यावसायिक भूमि कहा जाता है, जिसका रेट सबसे ज्यादा होता है।
  4. कॉलम पर ध्यान दें: PDF में आमतौर पर ‘कृषि’ (Agricultural) और ‘अकृषिक’ (Non-Agricultural) के अलग कॉलम होते हैं। अगर आप घर बनाने के लिए जमीन ले रहे हैं, तो हमेशा ‘अकृषिक’ या ‘आवासीय’ वाला कॉलम ही देखें।

अगर आप इन तीन चीजों, गांव का नाम, सड़क की स्थिति और जमीन का प्रकार को सही से समझ लेते हैं, तो Circle Rate की पूरी PDF आसानी से समझ में आ जाएगी।

रजिस्ट्री का खर्चा (Stamp Duty) कैसे निकालें?

UP Circle Rate पता चलने के बाद आप खुद रजिस्ट्री का खर्चा निकाल सकते हैं। उत्तर प्रदेश में नियम इस तरह हैं:

  • पुरुष (Male): 7%
  • महिला (Female): 6%
  • संयुक्त (Male + Female): 6.5%

उदाहरण के लिए अगर आपके प्लॉट का सरकारी मूल्य 10 लाख रुपये निकलकर आता है और जमीन महिला के नाम पर ली जा रही है, तो रजिस्ट्री का खर्चा होगा:

10,00,000 का 6% = 60,000 रुपये। यह आपकी स्टाम्प फीस होगी।

💡 प्रो टिप: रजिस्ट्री के लिए हिसाब लगाते समय ध्यान दें कि 1 हेक्टेयर = 10,000 वर्ग मीटर होता है। अगर लिस्ट में रेट हेक्टेयर में है, तो उसमें 10,000 का भाग (Divide) देकर आप एक वर्ग मीटर का रेट निकाल सकते हैं।

UP Circle Rate कम या ज्यादा क्यों होता है?

ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर लोग सोचते हैं कि पड़ोसी के खेत का रेट कम और मेरा ज्यादा क्यों है, जबकि दोनों जमीन एक ही गांव में होती है। लेकिन असल में सर्कल रेट कई अलग-अलग बातों पर तय होता है। नीचे हम इन कारणों को थोड़ा विस्तार से समझते हैं:

  1. सड़क की चौड़ाई: अगर किसी खेत के सामने चौड़ी और पक्की सड़क होती है, तो वहां तक पहुंचना आसान होता है और उस जमीन का उपयोग सिर्फ खेती तक सीमित नहीं रहता। भविष्य में वहां मकान, दुकान या अन्य काम भी किए जा सकते हैं, इसलिए ऐसी जमीन का सर्कल रेट ज्यादा होता है
  2. जमीन का लोकेशन : जो जमीन गांव की बस्ती के पास होती है, वहां पहले से ही बिजली, पानी, सड़क और बाजार जैसी सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। ऐसी जमीन पर लोग जल्दी निवेश करना चाहते हैं, इसलिए उसका सर्कल रेट अधिक होता है।
  3. सरकारी योजनाएं: अगर किसी इलाके के पास कोई बड़ा सरकारी प्रोजेक्ट जैसे एक्सप्रेसवे, हाईवे या औद्योगिक क्षेत्र बन रहा है, तो उस क्षेत्र की जमीन की मांग तेजी से बढ़ जाती है। सरकार भी ऐसे क्षेत्रों का सर्कल रेट बढ़ा देती है क्योंकि वहां भविष्य में विकास की संभावना अधिक होती है। इसी कारण एक ही गांव में भी अलग-अलग जगहों की जमीन का रेट अलग हो सकता है।
  4. कॉर्नर प्लॉट: अगर जमीन दो रास्तों के मिलन (Corner) पर है, तो उस पर अतिरिक्त शुल्क (आमतौर पर 10% ज्यादा) लग सकता है। लोग ऐसी जमीन का इस्तेमाल दुकान या अन्य व्यावसायिक काम के लिए भी कर सकते हैं। इसी वजह से कॉर्नर पर स्थित जमीन का सर्कल रेट सामान्य जमीन से ज्यादा होता है।
  5. ज़मीन का प्रकार: अगर जमीन कृषि के लिए है, तो उसका रेट सामान्यतः कम होता है। वहीं, अगर वही जमीन आवासीय या व्यावसायिक उपयोग के लिए है, तो उसका रेट अधिक हो जाता है। उपयोग के आधार पर जमीन की कीमत में अंतर होना सामान्य बात है।

💡 नेहा की खास सलाह: दोस्तों, सर्किल रेट चेक करते समय हमेशा SRO (Sub-Registrar Office) का सही चुनाव करें, जो अक्सर आपकी तहसील ही होती है। ध्यान दें कि हर साल अगस्त या सितंबर के आसपास नए रेट लागू होते हैं, इसलिए पुरानी लिस्ट पर भरोसा न करें। रजिस्ट्री से ठीक पहले अपने वकील या ‘वसीका नवीस’ (दस्तावेज लेखक) से स्टाम्प ड्यूटी का फाइनल कैलकुलेशन जरूर करवा लें ताकि तहसील में आपका समय बर्बाद न हो।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)

UP Circle Rate क्या होता है?

UP Circle Rate वह न्यूनतम सरकारी रेट होता है, जिस पर जमीन की रजिस्ट्री की जाती है। इससे कम कीमत पर रजिस्ट्री नहीं हो सकती।

क्या Circle Rate और Market Rate अलग होते हैं?

हाँ, Circle Rate सरकार द्वारा तय रेट होता है, जबकि Market Rate जमीन की असली खरीद-बिक्री कीमत होती है, जो आमतौर पर इससे ज्यादा होती है।

क्या Circle Rate हर साल बदलता है?

हाँ, उत्तर प्रदेश में Circle Rate आमतौर पर साल में एक बार (अगस्त–सितंबर के आसपास) अपडेट किया जाता है।

क्या Circle Rate से कम कीमत पर रजिस्ट्री हो सकती है?

नहीं, रजिस्ट्री हमेशा Circle Rate या उससे अधिक कीमत पर ही की जाती है।

Circle Rate चेक करने के लिए कौन-सी जानकारी चाहिए?

आपको सिर्फ अपना जिला (जनपद) और तहसील (SRO) का नाम पता होना चाहिए, उसी से आप ऑनलाइन Circle Rate देख सकते हैं।

अगर मेरी तहसील की नई Circle Rate सूची वेबसाइट पर नहीं दिख रही तो क्या करें?

अगर वेबसाइट पर पुरानी सूची दिखाई दे रही है या नई सूची अभी उपलब्ध नहीं है, तो कुछ समय बाद दोबारा जांचें। आवश्यकता होने पर संबंधित उप-निबंधक कार्यालय (SRO) से भी पुष्टि की जा सकती है।

Expert की सलाह:

जमीन की रजिस्ट्री से पहले हमेशा ध्यान रखें कि सर्कल रेट समय-समय पर बदलते रहते हैं, इसलिए एक दिन पहले लेटेस्ट रेट जरूर चेक कर लें। साथ ही अपनी खतौनी में दिए गए जमीन के रकबे (हेक्टेयर आदि) को सही यूनिट (जैसे वर्ग मीटर) में बदलकर मिलान करना भी जरूरी होता है, ताकि सही कीमत समझ में आए। इसके अलावा, ऑनलाइन जानकारी देखने के बाद एक बार वकील या दस्तावेज लेखक से सलाह जरूर लें, ताकि स्टाम्प पेपर या रजिस्ट्री के समय कोई गलती न हो।

निष्कर्ष

अब UP Circle Rate ऑनलाइन चेक करना बहुत आसान हो गया है। आप घर बैठे अपने गांव या इलाके का सरकारी रेट देख सकते हैं और जमीन खरीदते समय सही निर्णय ले सकते हैं और नुकसान से बच सकते हैं।

अगर आपको लिस्ट डाउनलोड करने में कोई समस्या आ रही है या आपका गांव लिस्ट में नहीं मिल रहा है, तो नीचे कमेंट बॉक्स में अपने जिले और तहसील का नाम लिखें, आप नीचे टिप्पणी करके अपना प्रश्न पूछ सकते हैं।

नोट: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है। किसी भी कानूनी प्रक्रिया से पहले सरकारी अधिकारियों से पुष्टि अवश्य करें।

🔎 इस लेख की विश्वसनीयता
यह गाइड उत्तर प्रदेश के आधिकारिक IGRSUP पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी और वास्तविक परीक्षण (Live Verification) के आधार पर तैयार की गई है। इसमें Circle Rate देखने और मूल्यांकन सूची समझने की प्रक्रिया सरल भाषा में बताई गई है।
  • लेख में बताई गई पूरी प्रक्रिया आधिकारिक IGRSUP Portal पर स्वयं जांची और सत्यापित की गई है।
  • सभी स्क्रीनशॉट BhumiGyan टीम द्वारा आधिकारिक पोर्टल से स्वयं तैयार किए गए हैं।
  • जानकारी Stamp & Registration Department, Government of Uttar Pradesh द्वारा उपलब्ध आधिकारिक मूल्यांकन सूची और प्रक्रिया पर आधारित है।
  • पोर्टल अंतिम बार सत्यापित किया गया: 30 मार्च 2026
  • यदि भविष्य में Circle Rate सूची या पोर्टल की प्रक्रिया में बदलाव होता है, तो इस लेख को उसी के अनुसार अपडेट किया जाएगा।

Leave a Comment