हमारे देश में जमीन या प्लॉट खरीदना हर इंसान का एक बड़ा सपना होता है। लोग अपनी जिंदगी भर की गाढ़ी कमाई, पीएफ का पैसा या बैंक से भारी-भरकम लोन लेकर एक जमीन खरीदते हैं। लेकिन प्रॉपर्टी मार्केट में आज के समय में जितनी तेजी आई है, उतनी ही तेजी से जमीन की धोखाधड़ी (Land Scams/Property Fraud) के मामले भी बढ़े हैं। कई बार लोग जल्दबाजी में या प्रॉपर्टी डीलर के झांसे में आकर बिना कागजात जांचे जमीन खरीद लेते हैं और बाद में पता चलता है कि जमीन सरकारी थी, किसी और के नाम थी, या उस पर पहले से ही बैंक का कर्ज था।
अगर आप भी कोई प्लॉट, खेत या मकान खरीदने की सोच रहे हैं, तो केवल रजिस्ट्री देखकर फैसला न करें। इस लेख में हम उन सरकारी दस्तावेजों की पूरी चेकलिस्ट बताएंगे जिन्हें खरीदारी से पहले जरूर जांचना चाहिए, ताकि आप फर्जी रजिस्ट्री, बैंक लोन, पारिवारिक विवाद और कोर्ट केस जैसी बड़ी समस्याओं से बच सकें।
जमीन खरीदने की पूरी कानूनी प्रक्रिया
जमीन खरीदते समय एक महत्वपूर्ण कानूनी सिद्धांत ‘क्रेता सावधान’ (Caveat Emptor) लागू होता है। इसका मतलब है कि खरीदारी से पहले जमीन और उससे जुड़े सभी जरूरी दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करना खरीदार के हित में होता है। नीचे जमीन खरीदने की पूरी प्रक्रिया आसान स्टेप्स में समझाई गई है।
- वकील से टाइटिल सर्च रिपोर्ट (Title Search Report) बनवाना: जमीन पसंद आने के बाद सबसे पहले सभी पुराने कागजातों की फोटोकॉपी लेकर किसी अच्छे दीवानी (Civil) वकील के पास जाएँ। वकील पिछले 13 से 30 सालों का सरकारी रिकॉर्ड रूम (रजिस्ट्री दफ्तर) में ट्रैक देखकर ‘टाइटस सर्च रिपोर्ट’ तैयार करेगा, जिससे जमीन के साफ-सुथरे होने की पुष्टि होगी।
- रजिस्टर्ड बयाना पत्र (Agreement to Sell) तैयार करना: सब कुछ सही पाए जाने पर विक्रेता के साथ स्टांप पेपर पर ‘बयाना पत्र’ लिखवाएँ। इसमें कुल तय कीमत, एडवांस रकम और रजिस्ट्री के लिए मिलने वाली समय-सीमा साफ़ लिखी होनी चाहिए। बयाना हमेशा चेक या ऑनलाइन बैंक ट्रांसफर से ही दें ताकि पक्का सबूत रहे।
- स्टांप ड्यूटी और सरकारी फीस का भुगतान: रजिस्ट्री की तारीख तय होने पर, उस क्षेत्र के सरकारी रेट (सर्किल रेट) के हिसाब से स्टांप ड्यूटी (Stamp Duty) और रजिस्ट्रेशन फीस की गणना की जाती है। यह टैक्स अलग-अलग राज्यों और महिला/पुरुष खरीदार के नाम के आधार पर तय होता है, जिसे ऑनलाइन सरकारी पोर्टल या बैंक चालान से जमा करना होता है।
- सब-रजिस्ट्रार कार्यालय (तहसील) में रजिस्ट्री: तय दिन पर खरीदार, विक्रेता और दो बालिग गवाहों को अपने वैध सरकारी पहचान पत्र और निवास प्रमाण पत्र के साथ तहसील जाना होता है। सब-रजिस्ट्रार के सामने सभी के हस्ताक्षर, अंगूठे के निशान और डिजिटल फोटो (बायोमेट्रिक) लिए जाते हैं, जिसके बाद आपकी ‘सेल डीड’ (Sale Deed) रजिस्टर हो जाती है।
- पटवारी/लेखपाल से दाखिल-खारिज (Mutation) कराना: रजिस्ट्री की कॉपी मिलने के तुरंत बाद अपने क्षेत्र के पटवारी, लेखपाल या अंचल कार्यालय में दाखिल-खारिज का आवेदन दें। इस प्रक्रिया के बाद सरकारी रिकॉर्ड (खतौनी/जमाबंदी) में से पुराने मालिक का नाम हमेशा के लिए कट जाता है और आपका नाम नए मालिक के रूप में दर्ज होता है।
ध्यान रखें कि बहुत से लोग रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज (Mutation) को एक ही प्रक्रिया समझ लेते हैं, जबकि दोनों अलग-अलग कानूनी प्रक्रियाएं हैं। यदि आपको इनके बीच का अंतर नहीं पता, तो हमारा विस्तृत लेख “रजिस्ट्री और म्यूटेशन में क्या अंतर है?“ पढ़ें।
जमीन खरीदने से पहले जरूर देखें ये 12 जरूरी कागजात
प्रॉपर्टी मार्केट में आज के समय में जमीन की धोखाधड़ी और फ्रॉड बहुत ज्यादा बढ़ गए हैं। कई बार लोग प्रॉपर्टी डीलर के झांसे में आकर बिना कागजात जांचे जमीन खरीद लेते हैं और बाद में कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटते हैं। अगर आप भी कोई प्लॉट, खेत या मकान खरीदने जा रहे हैं, तो अपनी जिंदगी भर की कमाई को डूबने से बचाने के लिए तहसील के ये 12 सरकारी कागज जरूर चेक कर लें।
1. जमीन की असली रजिस्ट्री (Original Sale Deed)
जमीन बेचने वाले के पास उस जमीन की मूल रजिस्ट्री कॉपी (Original Copy) होनी चाहिए। आपको यह ध्यान से देखना है कि रजिस्ट्री के कागजात पर सब-रजिस्ट्रार दफ्तर की सरकारी मुहर और गवाहों के दस्तखत हैं या नहीं। केवल फोटोकॉपी देखकर कभी भी जमीन का सौदा न करें।

2. नई खतौनी या जमाबंदी (Current Khatauni / RoR)
यह राजस्व विभाग का सबसे मुख्य सरकारी रिकॉर्ड होता है जिसे इंटरनेट पर ‘भूलेख’ भी कहते हैं। भूलेख को अन्य अन्य राज्यों में अलग अलग नाम से जाना जाता हैं। जमीन खरीदने से ठीक पहले ऑनलाइन नई खतौनी निकाल कर देखें कि वर्तमान में उस जमीन का सरकारी मालिक कौन है। इससे यह साफ हो जाएगा कि जमीन विक्रेता के नाम पर ही है या नहीं।
यदि खतौनी, जमाबंदी और रजिस्ट्री में दर्ज मालिक का नाम अलग-अलग दिखाई देता है, तो पहले उसका कारण जरूर समझें और बिना जांच के रजिस्ट्री न कराएं।
ध्यान दें कि उत्तर प्रदेश में इसे खतौनी, बिहार और झारखंड में जमाबंदी, जबकि कई अन्य राज्यों में इसे Record of Rights (RoR) या अधिकार अभिलेख के नाम से भी जाना जाता है। यदि आपको यह समझने में भ्रम है कि खतौनी और जमाबंदी में क्या अंतर है तथा आपके राज्य में कौन-सा रिकॉर्ड मान्य होता है, तो हमारा विस्तृत लेख “खतौनी और जमाबंदी में क्या अंतर है?“ जरूर पढ़ें।
3. दाखिल-खारिज का कागज (Mutation Certificate)
दोस्तों केवल रजिस्ट्री होना काफी नहीं होता, जमीन का दाखिल-खारिज होना सबसे जरूरी है। इसका मतलब होता है कि सरकारी रिकॉर्ड में पुराने मालिक का नाम कटकर बेचने वाले का नाम चढ़ चुका है। अगर जमीन का दाखिल-खारिज नहीं हुआ है, तो वह व्यक्ति आपको धोखा दे सकता है।
ध्यान रखें कि कई राज्यों में रजिस्ट्री होने के बाद भी दाखिल-खारिज अलग प्रक्रिया होती है। इसलिए केवल रजिस्ट्री देखकर यह न मानें कि सरकारी रिकॉर्ड अपने आप अपडेट हो गया होगा।
4. जमीन पर लोन का सर्टिफिकेट (Encumbrance Certificate-EC)
जमीन खरीदने से पहले ये जाना बहुत जरुरी होता है की उस जमीन पर पहले से कोई लोन तो नहीं चल रहा है अन्यथा जमीन खरीदने के बाद आपको वो लोन चुकाना होगा। इसके लिए तहसील से ‘भार मुक्त प्रमाण पत्र’ (EC) निकाल कर चेक करें। Encumbrance Certificate से रजिस्ट्री और पुराने खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और कई प्रकार के भार (Encumbrances) की जानकारी मिल सकती है, लेकिन अतिरिक्त जांच भी आवश्यक हो सकती है।
5. सरकारी नक्शा या शजरा (Authorized Land Map)
कई बार प्रॉपर्टी डीलर कागजों में जमीन कहीं और दिखाते हैं और मौके पर कोई दूसरी जमीन सौंप देते हैं। इस फ्रॉड से बचने के लिए पटवारी या लेखपाल से जमीन का सरकारी नक्शा मांगें या फिर ऑनलाइन जमीन का नक्शा डाउनलोड करें। नक्शे में दर्ज खसरा नंबर और जमीन के आकार का मौके पर जाकर खुद अपनी आंखों से देखकर जमीन का मिलान करें।
6. परिवार की वंशावली (Family Tree / Succession Paper)
यदि बेचने वाले को वह जमीन उसके पिता या दादा की मृत्यु के बाद विरासत में मिली है, तो वंशावली जरूर देखें। इससे यह पता चल जाता है कि असली मालिक के कुल कितने बच्चे या वारिस हैं। अगर बाकी भाई-बहनों की सहमति नहीं होगी, तो आपकी रजिस्ट्री बाद में रद्द हो सकती है।
यदि जमीन विरासत में मिली है, तो केवल वंशावली देखना ही काफी नहीं होता। यह भी समझना जरूरी है कि कानूनी वारिस कौन हैं और किसका कितना अधिकार बनता है। इसके लिए “बिना वसीयत मृत्यु होने पर जमीन किसे मिलेगी?“ तथा “पिता की संपत्ति में बेटी का कितना अधिकार है?“ जैसे लेख भी जरूर पढ़ें।
7. जमीन पास होने का नक्शा (Approved Layout Plan)
अगर आप किसी प्राइवेट बिल्डर या टाउनशिप में प्लॉट खरीद रहे हैं, तो यह कागज सबसे महत्वपूर्ण है। हमेशा चेक करें कि उस कॉलोनी को स्थानीय विकास प्राधिकरण (जैसे- LDA, JDA) या नगर निगम से मंजूरी मिली है या नहीं। अवैध कॉलोनियों में प्लॉट लेने पर बाद में सरकार बुलडोजर चला सकती है इसीलिए ध्यान रखें।
8. रेरा रजिस्ट्रेशन नंबर (RERA Certificate)
बिल्डर का प्लॉट वैध है या अवैध, यह जानने के लिए उसका रेरा (RERA) सर्टिफिकेट मांगें। सरकार के नियम अनुसार हर बड़े बिल्डर का रेरा पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य है। आप रेरा की वेबसाइट पर जाकर बिल्डर का रजिस्ट्रेशन नंबर ऑनलाइन वेरीफाई कर सकते हैं।
9. खेती से आबादी का कागज (NA / Land Conversion)
भारत में कानूनन खेती की जमीन पर बिना सरकार की अनुमति के मकान या दुकान नहीं बनाई जा सकती। इसलिए बेचने वाले से पूछें कि क्या उसने जमीन का उपयोग बदलने का सरकारी आदेश (धारा 143 या 80 के तहत) लिया है या नहीं । इसे नॉन-एग्रीकल्चर (NA) सर्टिफिकेट भी कहते हैं।
10. पावर ऑफ अटॉर्नी का कागज (Power of Attorney – POA)
जब जमीन का असली मालिक खुद रजिस्ट्री करने नहीं आता और अपनी जगह किसी डीलर या रिश्तेदार को भेजता है, तो उसे पावर ऑफ अटॉर्नी कहते हैं। चेक करें कि यह कागज तहसील से ‘रजिस्टर्ड’ है या नहीं। साथ ही यह भी पक्का करें कि पावर ऑफ अटॉर्नी (मुख्तारनामा) देने वाला असली मालिक अभी जिंदा है।
11. जमीन के लगान की रसीद (Property Tax Receipts)
जमीन खरीदने से पहले यह पक्का कर लें कि उस जमीन पर सरकार का कोई टैक्स या लगान बकाया तो नहीं है। विक्रेता से पिछले 3 साल की प्रॉपर्टी टैक्स की कटी हुई सरकारी पर्ची मांगें। इससे टैक्स चुकाने का सबूत भी मिल जाता है और मालिक के नाम की दोबारा पुष्टि हो जाती है।
12. कोर्ट केस की जांच रिपोर्ट (No Pending Litigation)
कई बार आप जो जमीन खरीदते हैं, उस पर भाइयों या पड़ोसियों का पुराना मुकदमा चल रहा होता है। इससे बचने के लिए किसी स्थानीय वकील की मदद से या ई-कोर्ट (e-Courts) पोर्टल पर खसरा नंबर, केस में शामिल व्यक्ति के नाम या उपलब्ध केस विवरण के आधार पर खोज की जा सकती है। सर्च करवा लें। इससे साफ हो जाएगा कि जमीन पर कोई दीवानी केस पेंडिंग नहीं है।
13. समाचार पत्र में पब्लिक नोटिस (Public Notice / इश्तहार)
यदि आप कोई बड़ी कृषि भूमि, कीमती प्लॉट या संयुक्त खाते की जमीन खरीद रहे हैं, तो बयाना (Advance) होने के बाद और रजिस्ट्री से ठीक पहले स्थानीय समाचार पत्रों (हिंदी और अंग्रेजी) में अपने वकील के माध्यम से एक ‘पब्लिक नोटिस’ (सार्वजनिक सूचना) जरूर जारी करवाएं।
इस नोटिस में जमीन का पूरा ब्योरा देकर जनता से पूछा जाता है कि यदि इस जमीन पर किसी का कोई पुराना हक, बैंक बंधक, पारिवारिक विवाद या आपत्ति है, तो वह 15 दिनों के भीतर सबूत के साथ संपर्क करे। यदि कोई आपत्ति नहीं आती है, तो भविष्य में यदि कोई विवाद खड़ा भी होता है, तो कोर्ट में आपके पास यह मजबूत सबूत होता है कि आपने एक एक वैध खरीदार (Bona fide Purchaser) के रूप में पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत जमीन खरीदी थी।
जमीन खरीदने से पहले 5 मिनट की अंतिम चेकलिस्ट
रजिस्ट्री कराने से पहले एक बार इन सभी बिंदुओं को दोबारा जांच लें।
- ✅ असली रजिस्ट्री (Sale Deed)
- ✅ नई खतौनी / जमाबंदी
- ✅ दाखिल-खारिज
- ✅ Encumbrance Certificate
- ✅ सरकारी नक्शा
- ✅ वंशावली (यदि विरासत की जमीन हो)
- ✅ कोर्ट केस की जांच
- ✅ टैक्स और लगान की रसीद
- ✅ पहचान पत्र और आधार का मिलान
- ✅ सभी भुगतान बैंकिंग माध्यम से करें
सामान्य प्रश्न (FAQ)
क्या कोई आदिवासी (ST) या अनुसूचित जाति (SC) की जमीन सीधे खरीदी जा सकती है?
नहीं, भारत के अधिकांश राज्यों में एससी/एसटी की जमीन सीधे नहीं खरीदी जा सकती; इसके लिए जिला कलेक्टर (DM) से पहले लिखित सरकारी अनुमति लेना अनिवार्य है।
सरकारी रेट (Circle Rate) और मार्केट रेट में क्या अंतर होता है?
सर्किल रेट वह न्यूनतम कीमत है जो सरकार तय करती है और जिस पर स्टांप ड्यूटी दी जाती है, जबकि मार्केट रेट वह कीमत है जिस पर जमीन असल में खरीदी-बेची जाती है।
जमीन पर सरकारी लोन (KCC) है या नहीं, यह तुरंत कैसे पता करें?
इसके लिए सब-रजिस्ट्रार दफ्तर से पिछले 13 से 30 सालों का भार मुक्त प्रमाण पत्र (Encumbrance Certificate – EC) निकाल कर चेक करें।
क्या जमीन खरीदने के लिए ‘वंशावली’ (Family Tree) देखना जरूरी है?
यदि आप किसी ऐसी जमीन को खरीद रहे हैं जो बेचने वाले को उसके पिता या दादा की मृत्यु के बाद विरासत (Inheritance) में मिली है, तो आपको वंशावली या उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जरूर मांगना चाहिए।
क्या सरकारी रेट (Circle Rate) से कम कीमत पर जमीन की रजिस्ट्री हो सकती है?
नहीं, आप जमीन भले ही कितने में भी खरीदें, लेकिन सरकार को स्टांप ड्यूटी उस इलाके के तय सरकारी रेट (सर्किल रेट) के हिसाब से ही चुकानी होगी।
बयाना या एडवांस पैसा देते समय सबसे बड़ी सावधानी क्या रखनी चाहिए?
कभी भी बयाना नकद (Cash) न दें हमेशा चेक, नेट बैंकिंग या ऑनलाइन बैंक ट्रांसफर का इस्तेमाल करें ताकि आपके पास भुगतान का पक्का कानूनी सबूत रहे।
निष्कर्ष: जमीन खरीदना जीवन का एक बेहद महत्वपूर्ण फैसला होता है, इसलिए इसमें जरा सी भी लापरवाही या ‘प्रॉपर्टी डीलर’ पर अंधविश्वास आपको सड़क पर ला सकता है। कोई भी जमीन पसंद आने पर सबसे पहले बेचने वाले से उसकी मूल रजिस्ट्री, नवीनतम खतौनी और दाखिल-खारिज की कॉपी मांगें। अगर बेचने वाला कागजात दिखाने में आनाकानी करे या बहुत ज्यादा सस्ती जमीन दे रहा हो, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। ₹2,000-₹3,000 की फीस देकर किसी अच्छे वकील से कागजों की जांच कराना, आपके लाखों-करोड़ों रुपयों को डूबने से हमेशा के लिए सुरक्षित कर देगा।
यदि आप जमीन खरीदने से पहले सभी जरूरी कानूनी दस्तावेजों को समझना चाहते हैं, तो हमारे Legal Info सेक्शन के इन महत्वपूर्ण लेख भी पढ़ें:
- बैनामा (Sale Deed) क्या है?
- रजिस्ट्री और म्यूटेशन में क्या अंतर है?
- खतौनी और जमाबंदी में क्या अंतर है?
- बिना वसीयत मृत्यु होने पर जमीन किसे मिलेगी?
- पिता की संपत्ति में बेटी का अधिकार

नेहा यादव एक इंजीनियर हैं, जो जमीन (Land Records) से जुड़े कागजात और सरकारी डेटा को सरल भाषा में समझाने का काम करती हैं। अपनी तकनीकी समझ की मदद से वे जटिल जानकारी को आसान बनाती हैं, ताकि हर कोई उसे आसानी से समझ सके।
Bhumi Gyan के माध्यम से उनका उद्देश्य लोगों को जमीन रिकॉर्ड, जमाबंदी, भूलेख और सरकारी भूमि प्रक्रियाओं की सही जानकारी आसान भाषा में उपलब्ध कराना है।