मुस्लिम कानून में हिबा (Hiba) क्या है? जानिए इसके नियम, शर्तें और पूरी कानूनी प्रक्रिया

हमारे देश में जमीन-जायदाद, खेत, मकान या कोई भी कीमती चीज किसी दूसरे को सौंपने के कई कानूनी तरीके हैं। हिंदुओं या सामान्य नागरिकों के लिए जहाँ ‘दान पत्र’ (Gift Deed) का नियम लागू होता है, वहीं मुस्लिम समाज के लिए संपत्ति दान करने का एक विशेष और अलग नियम है, जिसे इस्लामिक कानून (Muslim Personal Law) में ‘हिबा’ (Hiba) कहा जाता है।

गाँव-देहात में लोग इसे अक्सर ‘हिबानामा’ या ‘मुस्लिम दान पत्र’ भी कहते हैं। अक्सर जानकारी की कमी के कारण लोग हिबा तो कर देते हैं, लेकिन बाद में परिवारों में गंभीर विवाद और मुकदमेबाजी शुरू हो जाती है और मामला कोर्ट-कचहरी तक पहुँच जाता है। इसलिए, यदि आप मुस्लिम हैं और अपनी जमीन या मकान अपने जीते-जी किसी को देना चाहते हैं, तो आपके लिए हिबा के सभी नए और पुराने कानूनी नियमों को समझना बेहद जरूरी है। आइए इसे बहुत आसान शब्दों में विस्तार से समझते हैं।

हिबा (Hiba) क्या होता है?

जब कोई मुस्लिम व्यक्ति अपनी किसी भी संपत्ति (जैसे- खेती की जमीन, रहने का मकान, दुकान, सोना-चांदी या नकद रुपया) को अपनी मर्जी से, बिना एक भी रुपया लिए और बिना किसी लालच के, किसी दूसरे व्यक्ति को हमेशा के लिए सौंप देता है, तो इस प्रक्रिया को ‘हिबा’ कहते हैं। हिबा का सबसे बड़ा नियम यह है कि यह पूरी तरह मुफ़्त होना चाहिए।

हिबा में दो मुख्य लोग (पक्ष) होते हैं:

  1. वाहिब (Wahib – दाता): वह व्यक्ति जो अपनी संपत्ति अपनी खुशी से किसी को दे रहा है।
  2. मौहूब लहू (Mauhoob Lahu – दान लेने वाला): वह व्यक्ति जिसे वह संपत्ति मुफ़्त में मिल रही है।

हिबा (Hiba) की 3 सबसे जरूरी शर्तें

मुस्लिम कानून और भारतीय अदालतों (सुप्रीम कोर्ट) के नियमों के अनुसार, किसी भी हिबा को कानूनी रूप से पक्का और सच्चा मानने के लिए तीन शर्तों का एक साथ पूरा होना जरुरी है। सामान्यतः वैध हिबा के लिए घोषणा (Ijab), स्वीकृति (Qabul) और कब्ज़ा (Qabza) महत्वपूर्ण तत्व माने जाते हैं। यदि इनमें किसी तत्व को लेकर विवाद हो, तो उसकी वैधता का निर्णय परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर किया जाता है।

1) हिबा की घोषणा (Ijab – इज़ाब)

संपत्ति के असली मालिक (वाहिब) को सबके सामने या कागज पर पूरी तरह साफ-साफ शब्दों में यह घोषणा (ऐलान) करनी होगी कि “मैं अपनी यह संपत्ति फलां व्यक्ति को अपनी मर्जी से दान कर रहा हूँ।” यह घोषणा करते समय व्यक्ति पूरी तरह होश-ओ-हवास में होना चाहिए। उस पर किसी का कोई डर, धमकी, जादू-टोना या दबाव नहीं होना चाहिए।

2) हिबा को स्वीकार करना (Qabul – कबूल)

केवल मालिक के कह देने से हिबा पूरा नहीं होता। जिसे संपत्ति दी जा रही है, उसका सबके सामने या कागजी तौर पर यह कहना जरूरी है कि “हाँ, मुझे यह दान पूरी तरह स्वीकार है।” इसे कानून की भाषा में ‘स्वीकृति’ या ‘कबूलनामा’ कहते हैं।

3) संपत्ति का भौतिक कब्ज़ा सौंपना (Qabza – कब्ज़ा)

यह हिबा की सबसे महत्वपूर्ण और जरुरी शर्त है, जिसमें सबसे ज्यादा गलतियाँ होती हैं। मुस्लिम कानून कहता है कि सिर्फ कागज लिख देने या मुंह से बोल देने से हिबा पूरा नहीं होता, जब तक दान देने वाला व्यक्ति उस जमीन या मकान का वास्तविक और भौतिक कब्ज़ा (Physical Possession) दान लेने वाले को तुरंत नहीं सौंप देता, तब तक हिबा अधूरा है।

उदाहरण के लिए: हिबा के जरिये अगर रहने का मकान दान किया गया है, तो मालिक को उस मकान से खुद हटकर उसकी चाबियाँ दान लेने वाले को सौंपनी होंगी। अगर खेती की जमीन है, तो उस जमीन पर खेती करने और उसकी फसल काटने का पूरा अधिकार तुरंत दान लेने वाले को देना होगा।

कब्ज़ा सौंपने के जरूरी कानूनी अपवाद (Constructive Possession): कई बार जमीन या मकान का भौतिक कब्ज़ा (Physical Possession) तुरंत सौंपना मुमकिन नहीं होता। कानूनन इसे ‘प्रतीकात्मक कब्ज़ा’ कहते हैं और इन 3 मामलों में दान देने वाले को घर या जमीन खाली करने की जरूरत नहीं होती:

हिबा कितने प्रकार का होता है?

आम तौर पर लोग सिर्फ सीधे दान (Simple Hiba) को जानते हैं, लेकिन कानूनन हिबा के कुछ और भी प्रकार होते हैं जो ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिलते हैं:

  • सामान्य हिबा (Hiba Simple): इसमें बिना किसी शर्त और बिना किसी बदले के संपत्ति तुरंत और हमेशा के लिए सामने वाले को दे दी जाती है।
  • हिबा-बिल-इवज़ (Hiba-bil-Iwaz): इसका मतलब होता है ‘बदले के साथ दान’। इसमें जब कोई व्यक्ति किसी को संपत्ति दान करता है, और दान लेने वाला व्यक्ति भी अपनी खुशी से दाता को बदले में कोई उपहार (जैसे कोई कीमती चीज या अंगूठी) देता है, तो उसे हिबा-बिल-इवज़ कहते हैं। यह एक तरह की लेन-देन वाली प्रक्रिया बन जाती है।
  • हिबा-बा-शर्त-उल-इवज़ (Hiba-ba-shart-ul-Iwaz): इसमें दान करते समय ही एक शर्त रख दी जाती है कि दान लेने वाले को भविष्य में दाता को कोई निश्चित फायदा या उपहार देना होगा। जब तक वह उपहार नहीं दिया जाता, यह सामान्य हिबा की तरह रहता है, लेकिन उपहार मिलने के बाद यह पूरी तरह पक्का हो जाता है।

मौखिक हिबा (Oral Hiba) और रजिस्ट्रेशन के कानूनी नियम

भारतीय कानून (सम्पत्ति अंतरण अधिनियम की धारा 129) और सुप्रीम कोर्ट के कई ऐतिहासिक फैसलों के अनुसार, मुस्लिम कानून में लिखित हिबानामा का सरकारी रजिस्ट्रेशन (Registry) कराना कानूनी रूप से अनिवार्य नहीं है। यदि कोई मुस्लिम व्यक्ति सादे कोरे कागज पर भी हिबानामा लिखता है, तो भी वह बिना रजिस्ट्रेशन के पूरी तरह वैध माना जाता है, बशर्ते हिबा के तीनों स्तंभ (ऐलान, कबूलनामा और कब्ज़ा) सही तरीके से पूरे किए गए हों।

हालांकि कानूनन रजिस्ट्री जरूरी नहीं है, फिर भी एक्सपर्ट्स सुरक्षा के लिहाज से ‘हिबानामा का मेमोरेंडम’ (Memorandum of Hiba) तैयार करने की सलाह देते हैं। इसका मतलब यह है कि पहले आप गवाहों के सामने जुबानी दान (मौखिक हिबा) की प्रक्रिया और कब्ज़ा सौंपने का काम पूरा कर लें, और बाद में उस तारीख और घटना को याद रखने के लिए एक लिखित दस्तावेज (मेमोरेंडम) बनवाकर उस पर हस्ताक्षर कर लें।

एक्सपर्ट की सीधी सलाह: गाँव-देहात में मौखिक हिबा के नाम पर सबसे ज्यादा धोखाधड़ी होती है। पिता के मरने के बाद बड़े भाई अक्सर छोटे भाइयों या बहनों को यह कहकर बेदखल कर देते हैं कि “अब्बू ने मरते समय यह जमीन ज़ुबानी तौर पर मुझे हिबा कर दी थी।” ऐसे झूठे दावों और कोर्ट-कचहरी के लंबे मुकदमों से बचने के लिए, हमेशा लिखित हिबानामा (Gift Deed) बनवाकर उसकी पक्की रजिस्ट्री करानी चाहिए और सरकारी रिकॉर्ड में दाखिल-खारिज (Mutation) जरूर करवा लेना चाहिए।

हिबा (Hiba) और वसीयत (Will) में क्या अंतर है?

गाँव के लोग अक्सर हिबा और वसीयत को एक ही समझ लेते हैं, जबकि इन दोनों में जमीन-आसमान का अंतर है। इसे नीचे दी गई आसान तालिका से समझिए:

अंतर का आधारहिबा (Hiba / दान)वसीयत (Will)
यह कब लागू होता है?यह आपके जीते-जी तुरंत लागू हो जाता है और जमीन तुरंत सामने वाले की हो जाती है।यह वसीयत लिखने वाले व्यक्ति की मृत्यु के बाद लागू होती है।
संपत्ति की सीमाएक मुस्लिम व्यक्ति अपने जीते-जी अपनी स्व-अर्जित संपत्ति का 100% (पूरी की पूरी जमीन) किसी को भी हिबा कर सकता है।सामान्यतः मुस्लिम कानून में बिना वारिसों की सहमति के कुल संपत्ति के एक-तिहाई से अधिक हिस्से की वसीयत नहीं की जा सकती।
किसे दिया जा सकता है?हिबा अपने वारिसों (बेटे, बेटी, पत्नी) को भी दिया जा सकता है और किसी बाहरी अनजान व्यक्ति के नाम पर भी लिखा जा सकता है।कानूनन, सगे वारिसों के पक्ष में की गई वसीयत तब तक मान्य नहीं होती जब तक कि मृत्यु के बाद बाकी सभी वारिस इसके लिए राजी न हों।
क्या इसे वापस ले सकते हैं?एक बार कब्ज़ा सौंपने के बाद हिबा को आसानी से वापस नहीं लिया जा सकतावसीयत लिखने वाला इंसान अपने जीवनकाल में इसे जितनी बार चाहे बदल या रद्द कर सकता है

हिबा (Hiba) और दान पत्र (Gift Deed) में क्या अंतर है?

बहुत से लोग हिबा और दान पत्र को एक ही समझ लेते हैं, लेकिन दोनों अलग कानूनी व्यवस्थाओं के अंतर्गत आते हैं। हिबा मुख्य रूप से मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत मान्य है, जबकि दान पत्र (Gift Deed) संपत्ति हस्तांतरण का सामान्य कानूनी तरीका है। लिखित दस्तावेज, रजिस्ट्रेशन और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के मामले में दोनों के नियम अलग हो सकते हैं।

क्या हिबा को कोर्ट में चुनौती दी जा सकती है?

दोस्तों मुस्लिम कानून में हिबा के अपने नियम हैं, लेकिन देश की अदालतें (Civil Court) निम्नलिखित परिस्थितियों में किसी भी हिबानामा को अवैध घोषित करके रद्द कर सकती हैं इसके कुछ नियम निचे दिए गए हैं।

  1. कब्ज़ा न सौंपना: अगर कोर्ट में यह साबित हो जाए कि हिबानामा तो लिखा गया था, लेकिन जमीन या मकान का वास्तविक कब्ज़ा कभी भी दान लेने वाले को नहीं मिला (मालिक खुद ही उस पर अंत तक काबिज रहा), तो कोर्ट हिबा को रद्द कर देगा।
  2. धोखाधड़ी या जबरदस्ती: अगर यह साबित हो जाए कि बूढ़े वालिद (पिता) से धोखे से, अंगूठा लगवाकर, डरा-धमकाकर या उनकी दिमागी हालत ठीक न होने का फायदा उठाकर हिबानामा लिखवाया गया था।
  3. कर्ज से बचने के लिए दान: अगर किसी व्यक्ति पर बैंक का बड़ा कर्ज है या कोर्ट की डिक्री है, और वह अपनी जमीन को कुर्क (जब्त) होने से बचाने के लिए चालाकी से उसे किसी और के नाम हिबा कर देता है, तो अदालत ऐसे हिबा को धोखाधड़ी मानकर तुरंत खारिज कर देती है।
  4. मरज़-उल-मौत (Death-bed Gift): यह बहुत खास नियम है। अगर कोई व्यक्ति ऐसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है जिसमें उसकी मौत पक्की दिख रही हो (जैसे आखिरी सांसें गिन रहा हो) और उस मानसिक तनाव व मृत्यु के डर में वह अपनी संपत्ति का हिबा करता है, तो उसे ‘मरज़-उल-मौत में किया गया हिबा’ कहते हैं। ऐसा हिबा पूरी संपत्ति पर लागू नहीं होता, बल्कि इस पर वसीयत के नियम लागू हो जाते हैं और यह केवल एक-तिहाई (1/3) संपत्ति तक ही सीमित हो जाता है।

हिबानामा (Hiba Deed) बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज

यदि आप तहसील में जाकर पक्का लिखित हिबानामा रजिस्टर करवाना चाहते हैं, तो आपको निम्नलिखित कागजात पहले से तैयार रखने होंगे:

  • संपत्ति के असली कागजात: जमीन का खतियान, जमाबंदी, पुरानी रजिस्ट्री या दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) की रसीद, जिससे साबित हो कि संपत्ति आपकी खुद की है।
  • पहचान पत्र: दान देने वाले और दान लेने वाले दोनों का पहचान पत्र (जैसे- वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या राशन कार्ड)।
  • पासपोर्ट साइज फोटो: दोनों पक्षों की हालिया खींची गई तस्वीरें।
  • दो गवाह (Witnesses): सबसे जरूरी बात यह है कि आपके साथ दो बालिग और समझदार गवाह होने चाहिए, जिनके अपने पहचान पत्र भी साथ हों। गवाहों की मौजूदगी में ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होती है।

Note: मुस्लिम कानून के तहत ‘हिबानामा’ बनवाने, स्टांप ड्यूटी चुकाने, तहसील में रजिस्ट्री कराने और बाद में पटवारी/लेखपाल से दाखिल-खारिज (Mutation) कराने की पूरी कानूनी प्रक्रिया बिल्कुल वैसी ही होती है जैसी सामान्य ‘दान पत्र’ (Gift Deed) की होती है।

हिबानामा का खर्च (Stamp Duty & Fees)

जमीन बेचने की तुलना में हिबानामा बनवाने का सरकारी खर्च काफी कम होता है। हालांकि, यह खर्च अलग-अलग राज्यों (जैसे उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश) के नियमों के अनुसार थोड़ा बदलता रहता है।

आमतौर पर, अगर हिबा परिवार के सगे और करीबी रिश्तेदारों (जैसे- शौहर अपनी बीवी को, पिता अपने बेटे या बेटी को) के नाम पर कर रहा है, तो सरकार स्टांप ड्यूटी (Stamp Duty) में बहुत बड़ी रियायत देती है। इसमें बहुत मामूली सरकारी फीस और कोर्ट का कुछ हजार रुपयों का रजिस्ट्रेशन चार्ज लगता है। लेकिन अगर हिबा किसी दूर के रिश्तेदार या बाहरी दोस्त के नाम किया जा रहा है, तो उस जमीन के सरकारी रेट (सर्किल रेट) के हिसाब से पूरी स्टांप ड्यूटी चुकानी पड़ सकती है।

सामान्य प्रश्न (FAQ)

क्या कोई मुस्लिम महिला अपनी संपत्ति का हिबा कर सकती है?

मुस्लिम कानून में एक महिला को अपनी संपत्ति पर पूरा अधिकार होता है। अगर कोई मुस्लिम महिला बालिग है और मानसिक रूप से स्वस्थ है, तो वह अपनी खुद की संपत्ति का हिबा किसी को भी (अपने पति, बच्चों या किसी बाहरी को) अपनी मर्जी से कर सकती है। इसके लिए उसे अपने पति या परिवार से इजाजत लेने की कोई कानूनी जरूरत नहीं है।

क्या नाबालिग (छोटे बच्चे) को हिबा दिया जा सकता है?

एक छोटे या नाबालिग बच्चे को भी हिबा में संपत्ति दी जा सकती है। लेकिन चूंकि बच्चा खुद कानूनन समझदार नहीं माना जाता, इसलिए उसकी तरफ से उस हिबा (दान) को स्वीकार करने के लिए उसके पिता या कानूनी अभिभावक (Guardian) का होना जरूरी है, और संपत्ति का कब्ज़ा भी उसी अभिभावक को सौंपा जाता है।

क्या हिबा के बाद दाखिल-खारिज (Mutation) कराना जरूरी है?

सब-रजिस्ट्रार के दफ्तर में हिबानामा की रजिस्ट्री कराने के बाद आपको तुरंत सरकारी राजस्व कार्यालय (जैसे पटवारी या लेखपाल) में जाकर जमीन का दाखिल-खारिज (नामांतरण) अपने नाम पर करवाना चाहिए। जब तक सरकारी कागजों में पुराना नाम कटकर आपका नाम नहीं चढ़ता, तब तक कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाती और भविष्य में जमीन बेचने या लोन लेने में दिक्कत आ सकती है।

क्या होने वाले बच्चे (जो अभी पेट में है) के नाम हिबा हो सकता है?

नहीं। मुस्लिम कानून के अनुसार, हिबा करते समय दान लेने वाले व्यक्ति का दुनिया में जीवित और मौजूद होना जरूरी है। जो बच्चा अभी पैदा ही नहीं हुआ है (माँ के पेट में है), उसके नाम पर किया गया हिबा कानूनन मान्य नहीं होता। हालांकि, अगर हिबा होने के बाद बच्चा 6 महीने के भीतर पैदा हो जाता है, तो कुछ विशेष परिस्थितियों में कोर्ट इसे मान सकता है, लेकिन सामान्य नियम यही है कि व्यक्ति का मौजूद होना अनिवार्य है।

क्या हिबा के बाद हिबानामा रद्द किया जा सकता है?

सामान्य परिस्थितियों में वैध रूप से पूरा किया गया हिबा आसानी से रद्द नहीं किया जा सकता। हालांकि धोखाधड़ी, दबाव, कब्ज़ा न सौंपने या अन्य कानूनी कारणों की स्थिति में अदालत मामले की जांच कर सकती है।

क्या कोई मुस्लिम व्यक्ति अपनी पैतृक (पुश्तैनी) संपत्ति का हिबा कर सकता है?

मुस्लिम कानून में ‘पैतृक संपत्ति’ की वह अवधारणा लागू नहीं होती जो हिंदू कानून में है। इस्लामिक कानून के अनुसार, हर व्यक्ति अपनी संपत्ति का पूर्ण मालिक होता है और उसके बच्चों का जन्म से संपत्ति पर कोई हक नहीं होता। इसलिए, एक मुस्लिम व्यक्ति अपने नाम दर्ज किसी भी संपत्ति का (चाहे वह उसे विरासत में मिली हो या खुद खरीदी हो) अपनी जिंदगी में 100% हिस्सा किसी को भी हिबा कर सकता है।

निष्कर्ष (Conclusion)

मुस्लिम पर्सनल लॉ में ‘हिबा’ (Hiba) एक बेहद खूबसूरत और आसान तरीका है जिसके जरिए कोई भी व्यक्ति अपनी जिंदगी में ही अपनी संपत्ति अपनी मर्जी से अपनी पसंद के व्यक्ति को सौंप सकता है। यह वसीयत से इसलिए बेहतर है क्योंकि इसमें पूरी की पूरी संपत्ति दान की जा सकती है और वारिसों के बीच भविष्य के झगड़े हमेशा के लिए खत्म हो जाते हैं।

फिर भी, गाँव-देहात के तमाम भाई-बहनों को हमारी यही सलाह होगी कि ज़ुबानी या मौखिक हिबा के भरोसे कभी न बैठें। जब भी परिवार में संपत्ति का हिबा करना हो, तो दो गवाहों के सामने एक साफ और स्पष्ट हिबानामा लिखवाएं, तहसील में उसकी पक्की रजिस्ट्री करवाएं और संपत्ति का भौतिक कब्ज़ा (चाबी या खेती का हक) तुरंत सौंप दें। यदि किसी नियम को लेकर थोड़ी भी शंका या उलझन हो, तो अपने क्षेत्र के किसी अच्छे दीवानी वकील (Civil Lawyer) या कानूनी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें, ताकि आपकी गाढ़ी कमाई की जमीन पर कोई आंच न आए।

Leave a Comment